
बसना में पार्किंग अव्यवस्था बनी बड़ी समस्या: शहीद वीर नारायण सिंह चौक से बंसुला छोर तक रोज लग रहा जाम

बसना। (बसन्त साहू संवाददाता)
नगर के प्रमुख और सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल शहीद वीर नारायण सिंह चौक से पदमपुर रोड होते हुए बंसुला के अंतिम छोर तक इन दिनों पार्किंग की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कारण पूरे मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।यह मार्ग बसना नगर का मुख्य व्यापारिक और आवागमन क्षेत्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी, शासकीय कार्यों और दैनिक जरूरतों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पार्किंग के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने से दुकानदारों और ग्राहकों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और यातायात प्रभावित होता है।

सुबह-शाम बढ़ जाती है परेशानी
विशेष रूप से सुबह स्कूल समय और शाम बाजार के व्यस्त समय में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं वाहनों के बीच से निकलने को मजबूर होते हैं। कई बार स्कूल बसें, एम्बुलेंस और अन्य जरूरी वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

प्रशासन की अनदेखी पर लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से रोजाना प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सांसद और विधायक का आवागमन होता है, फिर भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। नागरिकों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।

व्यापारियों और नागरिकों ने उठाई मांग
नगरवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि शहीद वीर नारायण सिंह चौक से लेकर बंसुला छोर तक सड़क को व्यवस्थित पार्किंग योजना के तहत विकसित किया जाए। नो-पार्किंग जोन घोषित कर स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, सड़क किनारे पीली पट्टी खींची जाए, वैकल्पिक पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं और अतिक्रमण हटाने के साथ नियमित चालानी कार्रवाई की जाए।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। अब बसना की जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि प्रभावी कार्रवाई चाहती है।



