
[स्काउटिंग क्षेत्र में बसना का गौरव: गिरीश पाढ़ी बने छत्तीसगढ़ के 25वें लीडर ट्रेनर

(बसन्त साहू की रिपोर्ट)
बसना।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के क्षेत्र में बसना के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। गिरीश कुमार पाढ़ी ने स्काउटिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ के 25वें लीडर ट्रेनर (स्काउट) बनने का सम्मान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र पचमढ़ी में 15 जून 2025 से 21 जून 2025 तक 56वें लीडर ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ से गिरीश कुमार पाढ़ी ने भाग लिया था। उल्लेखनीय है कि पूरे भारत वर्ष से केवल 38 प्रशिक्षार्थियों का ही चयन किया गया था, जिनमें गिरीश पाढ़ी भी शामिल रहे।प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें 500 नए सदस्यों को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स से जोड़ने का विशेष प्रोजेक्ट दिया गया था।

गिरीश पाढ़ी ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक फरवरी 2026 में पूर्ण कर लिया। उनके कार्य से संतुष्ट होकर राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा उन्हें लीडर ट्रेनर (स्काउट) का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।यह सम्मान 24 अप्रैल 2026 को राज्य मुख्यालय रायपुर के तत्वावधान में देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। राष्ट्रीय मुख्यालय आयुक्त श्री जी. स्वामी एवं राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा ने संयुक्त रूप से उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।इस उपलब्धि के साथ अब छत्तीसगढ़ में कुल 25 लीडर ट्रेनर हो गए हैं। गिरीश पाढ़ी की इस सफलता पर राज्य अध्यक्ष एवं स्कूल शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री गजेंद्र यादव, राज्य मुख्यालय आयुक्त श्री शैलेन्द्र मिश्रा, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त श्री पूनम सिंह साहू, श्रीमती सरिता पांडेय, राज्य संगठन आयुक्त श्री अमित क्षत्रिय, श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य के सभी लीडर ट्रेनर, स्काउटर-गाइडर, एचडब्ल्यूबी प्रशिक्षण प्राप्त सदस्य तथा जिला अध्यक्ष श्री येतराम साहू, जिला मुख्य आयुक्त श्री चंद्रहास चंद्राकर एवं समस्त जिला पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है।इस संबंध में जानकारी विकासखंड सचिव विवेकानंद दास ने दी।


