
बसना/महासमुंद | 22 अप्रैल 2026

जिले के बसना थाना क्षेत्र में लूट की एक वारदात का पुलिस ने बेहद त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी भी कर ली है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राकेश सहिस (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 1 सरायपाली, ने 21 अप्रैल को थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल को वह अपने भाई की स्कूटी (CG06HC 4934) से भंवरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान गढ़पटनी रोड स्थित शराब भट्टी के पास दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।आरोपियों ने पैसे की मांग की और मना करने पर मारपीट कर डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने उनके पास से 500 रुपये नकद, गले की चांदी की चैन और एक काले रंग का रेडमी पावर बैंक लूट लिया और मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही थाना बसना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर तत्काल टीम गठित की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और महज 2 घंटे के भीतर दोनों को धर दबोचा।गिरफ्तार आरोपियों मेंआकाश पीटर (33 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 11 बसना तथामनीष सोनवानी (19 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 6 बसना शामिल हैं।पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर लूटी गई चांदी की चैन, 500 रुपये नकद और मोबाइल पावर बैंक पूरी तरह बरामद कर लिया गया है।बसना पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अज्ञात लूट के मामले को रिकॉर्ड समय में सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।




