
बसना। (बसन्त साहू संवाददाता)


संस्कार द राइजिंग स्कूल, परसकोल (बसना) ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा में जिले में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में 17 अप्रैल को विद्यालय परिसर में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की उपलब्धियों को साझा करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की गई।इस वर्ष कक्षा 10वीं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। टॉपर सूची में अभ्युदय कर ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं उर्वी साव ने 96 प्रतिशत, दिव्यांशी विवेक ने 95.6 प्रतिशत, सिद्धार्थ शेखर मिश्रा ने 93.8 प्रतिशत तथा राघवन प्रधान ने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के संचालकगण श्री मुकेश अग्रवाल, श्री भावेश अग्रवाल, श्री विकास वाधवा, प्राचार्य श्री संजय तिवारी सहित अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रेस वार्ता के दौरान जब टॉपर विद्यार्थियों से उनकी सफलता का राज पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि विद्यालय के शिक्षकों द्वारा हर विषय में उनकी समस्याओं का निरंतर समाधान किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूल खुलते ही शुरू से नियमित पढ़ाई जारी रखी गई और बिना किसी दबाव के शांत वातावरण में परीक्षा की तैयारी की गई, जिससे बेहतर परिणाम संभव हो पाया।विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि इस वर्ष छात्रों का प्रदर्शन विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था, नियमित मार्गदर्शन एवं अनुशासन का परिणाम है। प्रबंधन ने यह भी बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे वे हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकें।विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी विद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।

विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में शिक्षा स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए विशेष रणनीति पर कार्य करने की बात कही। इसके तहत विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, नियमित मूल्यांकन एवं आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी टॉपर सूची में स्थान प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि संस्कार द राइजिंग स्कूल परसकोल निरंतर उत्कृष्ट परिणामों के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।



