सबहेडलाइन:

लंबे इंतजार के बाद मिली बड़ी राहत, खाद-बीज, ऋण सहित सहकारी सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध

सिरको। (बसन्त साहू)
क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में ग्राम सिरको में प्राथमिक शाख सहकारी सोसायटी मर्यादित (पंजीयन क्रमांक 963) का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस नई सहकारी संस्था के शुरू होने से अब किसानों को अपनी आवश्यकताओं के लिए दूर-दराज के गांवों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि सभी सहकारी सुविधाएं उन्हें अपने ही गांव में उपलब्ध होंगी।ज्ञात हो कि पूर्व में सिरको के किसान सलडीह से संबद्ध उप सहकारी संस्था के माध्यम से कार्य कराते थे, जिसके कारण उन्हें काफी दूरी तय करनी पड़ती थी और समय व संसाधनों की भी हानि होती थी। किसानों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर प्राथमिक शाख की स्थापना की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।इस महत्वपूर्ण पहल के तहत पुराने पंचायत भवन का जीर्णोद्धार कर उसे एक सुसज्जित सहकारी भवन के रूप में विकसित किया गया है। यहां अब खाद-बीज वितरण, ऋण सुविधा, पंजीयन एवं अन्य सहकारी कार्यों का सुचारू संचालन किया जाएगा, जिससे किसानों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।शुभारंभ कार्यक्रम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कार्य का प्रारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। सभी किसानों ने मिलकर इस नई शुरुआत के सफल संचालन की कामना की और इसे क्षेत्र के कृषि विकास के लिए मील का पत्थर बताया।

इस अवसर पर मंडी प्रभारी अरविंद सिदार, फड़ प्रभारी कैलाश पटेल, कंप्यूटर ऑपरेटर पुरुषोत्तम मलिक, पूर्व जनपद सदस्य एवं सरपंच प्रतिनिधि रेमडा सोहन पटेल सहित अनेक कृषक उपस्थित रहे। इस कार्य को साकार रूप देने में पूर्व सरपंच तपस्विनी कृष्णचंद्र बरीहा का विशेष योगदान रहा, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम में खुर्सीपहार के पूर्व सरपंच जयप्रकाश मिश्रा, रेमड़ा सरपंच पार्वती शरण नेताम, सिरको के पूर्व सरपंच कुंजराम साहू, बंशीधर सिदार एवं वर्तमान सरपंच फागुलाल नेताम की गरिमामयी उपस्थिति रही।स्थानीय किसानों ने विश्वास जताया कि इस सहकारी सोसायटी के संचालन से उन्हें समय पर खाद-बीज, ऋण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आएगी और उत्पादन में भी वृद्धि होगी। किसानों ने इसे ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


y

