
बसना. मांगलिक भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम के दौरान जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के सभापति प्रकाश सिन्हा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनों की सुविधा तथा विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन के लिए बसना में एक समुचित आंगनबाड़ी भवन निर्माण की मांग रखते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को मांग पत्र सौंपा।श्री सिन्हा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनें गांव-गांव में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में उनके लिए एक स्थायी एवं सुव्यवस्थित भवन की व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे बेहतर तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।इसके साथ ही उन्होंने महिला एवं बाल विकास कार्यालय के सामने बाउंड्रीवाल निर्माण एवं भवन के जीर्णोद्धार तथा कार्यालय परिसर से बालिका छात्रावास की ओर जाने वाले मार्ग में सीसी रोड निर्माण की भी मांग रखी।सभापति द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सकारात्मक पहल करते हुए मंच से ही सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा बाउंड्रीवाल एवं जीर्णोद्धार कार्य हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनों की सुविधा के लिए भवन निर्माण हेतु बजट बनाकर व्यवस्थित भवन बनाने की बात भी कही। इस घोषणा से कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विभागीय अधिकारियों एवं मातृ शक्तियों में खुशी की लहर देखी गई। साथ ही उपरोक्त मांगों को त्वरित संज्ञान में लेते हुए सौगात प्रदान करने पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।बसना विधायक का किया सम्मानकार्यक्रम के दौरान सभापति प्रकाश सिन्हा, परियोजना अधिकारी राम सिंह मिरी, पर्यवेक्षक उमादेवी पटेल सहित गरिमा कैवर्त, अपर्णा कुजूर, पुष्पा राज, ज्योति सिंह ठाकुर, निशा बघेल, चंद्रिका ठाकुर, कोकिला बारिहा, लछवन्तीन खड़िया, रुखमणी चौधरी एवं कविता पटेल द्वारा बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को साल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया।



