

रायपुर। 7 मार्च, शनिवार

संवाददाता बसन्त साहू छत्तीसगढ़ जनपर्ध न्यूज
राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित छत्तीसगढ़ क्लब में आयोजित अग्रवाल प्रीमियर लीग 4.0 बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट खेल भावना, सामाजिक एकजुटता और उत्साह का शानदार संगम बनकर सामने आया। इस भव्य खेल आयोजन में बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन से खिलाड़ियों, आयोजकों और उपस्थित खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम की शुरुआत विधायक डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा महाराज अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने समाज की सुख-समृद्धि तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली और उन्नति की कामना की।अपने संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल प्रीमियर लीग 4.0 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अग्रवाल समाज की एकता, भाईचारे और युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का एक सशक्त मंच है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और समाज में आपसी सहयोग तथा समरसता की भावना मजबूत होती है।उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में खेल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने खुशी जताई कि अग्रवाल समाज परंपराओं को संजोते हुए आधुनिक खेलों के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल क्रिकेट पिच पर पहुंचे और दोनों टीमों के कप्तानों के बीच सिक्का उछालकर मैच का टॉस कराया। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उन्हें खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत से अधिक महत्वपूर्ण संघर्ष, अनुशासन और समर्पण होता है। यदि खिलाड़ी पूरे मन से प्रयास करें तो वे न केवल समाज बल्कि प्रदेश का नाम भी रोशन कर सकते हैं।इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आत्मीय स्वागत करते हुए समाज के प्रति उनके सतत योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में हरिभूमि के प्रधान संपादक हिमांशु द्विवेदी, लल्लूराम के संपादक नमित जैन, मनमोहन अग्रवाल, संजय नेतराम अग्रवाल, कमल अग्रवाल, कमल गुप्ता, युवा मंडल अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, संजय अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के अनेक प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


