
बालवाटिका एवं कक्षा पहली में पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ विद्यार्थियों का चयन


बसना।
शासन के निर्देशानुसार पीएम श्री सेजेस बसना में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया अंतर्गत 13 मई 2026 को विद्यालय परिसर में ड्रा प्रक्रिया का आयोजन किया गया। प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही।विद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार बालवाटिका की 20 सीट एवं कक्षा पहली की 20 सीटों के लिए प्राप्त आवेदनों में से शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ड्रा पद्धति से विद्यार्थियों का चयन किया गया। ड्रा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को अभिभावकों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के समक्ष संपन्न कराया गया, जिससे चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रही।विद्यालय द्वारा चयनित विद्यार्थियों की सूची सूचना पटल पर प्रदर्शित कर दी गई है। चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों को 20 मई 2026 तक आवश्यक दस्तावेज जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में दस्तावेज जमा नहीं करने पर प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों को अवसर प्रदान किया जा सकता है।ड्रा कार्यक्रम के दौरान एसएमसी अध्यक्ष एल.एन. भोई, सांसद प्रतिनिधि लोकसभा महासमुंद लोकनाथ डडसेना, शिक्षा विभाग सभापति एवं नगर पंचायत बसना उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर कंवर तथा विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अनिल साव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय द्वारा अपनाई गई सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया की सराहना की।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि पीएम श्री सेजेस बसना में बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण सुविधाएं एवं संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन में सहयोग करने की अपील भी की।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया।


