
बसना।

ग्राम बिलखंड में आयोजित दो दिवसीय भव्य रामायण कथा कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे गांव में जय श्रीराम के उद्घोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।कलश यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीत गाते हुए नगर भ्रमण करती हुई कथा स्थल तक पहुंचीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

जगह-जगह ग्रामीणों एवं भक्तों द्वारा पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि रामायण कथा आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धर्म, संस्कृति, सदाचार एवं नैतिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, त्याग, मर्यादा और भक्ति से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कथा स्थल को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी एवं धार्मिक झांकियों से सजाया गया है, जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ गई है।

आयोजन के दूसरे दिन रामायण कथा के समापन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में भारी उत्साह एवं आस्था का माहौल बना हुआ है।


