
बसना।

ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा वर्ष 2026 की गर्मियों में देशभर के विभिन्न सेवा केंद्रों पर बच्चों के लिए विशेष समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों, एकाग्रता, रचनात्मकता, तनावमुक्त जीवनशैली और सुदृढ़ चरित्र निर्माण को बढ़ावा देना है।इसी क्रम में साईं विहार कॉलोनी, बसना स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र में ‘दिव्य उड़ान समर कैम्प’ का आयोजन 1 मई से 9 मई 2026 तक किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रथम दिवस दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत आध्यात्मिक वातावरण में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिविर के विभिन्न गतिविधियों में रुचि दिखाई।इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी प्रीति दीदी ने समर कैंप के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक और तनावपूर्ण वातावरण में बच्चों के मानसिक, नैतिक और आध्यात्मिक विकास की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस शिविर के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से बच्चों को मन की शांति, एकाग्रता और आत्मबल प्राप्त होगा, जिससे वे अपने जीवन में बेहतर निर्णय लेने और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनेंगे।समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न प्रेरणादायक गतिविधियां, नैतिक शिक्षा, खेल, कला, व्यक्तित्व विकास सत्र तथा तनावमुक्त जीवन जीने के उपाय सिखाए जाएंगे।अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें संस्कारवान बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।ब्रह्माकुमारीज़ के इस ‘दिव्य उड़ान समर कैम्प’ से बसना क्षेत्र के बच्चों में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और आत्मिक जागरूकता का विकास होने की उम्मीद जताई जा रही है।




