
धार्मिक आयोजन से गांव में भक्ति और सामाजिक समरसता का माहौल — प्रकाश सिन्हा


भीषण गर्मी में भी “अतिथि देवो भव:” की भावना से ग्रामवासियों ने किया भव्य स्वागत, पेयजल व सड़क समस्या के समाधान का मिला आश्वासन

बसना।
जनपद पंचायत बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ठाकुरपाली के आश्रित ग्राम बिरसिंगपाली में आयोजित अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन महायज्ञ में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी जी से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।महायज्ञ के दौरान पूरे गांव में भक्ति, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। ग्रामवासियों ने “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ भीषण गर्मी के बावजूद कीर्तन दल के साथ सभापति प्रकाश सिन्हा का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।इस आत्मीय स्वागत से भाव-विभोर हुए श्री सिन्हा ने कीर्तन दल एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही यह आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को सशक्त बनाते हुए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।कार्यक्रम के दौरान श्री सिन्हा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या के स्थायी समाधान तथा परगला तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। इन महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्होंने शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं और हर संभव प्रयास करते रहेंगे, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।इस महायज्ञ में विधायक कार्यालय प्रभारी महेंद्र प्रधान, सोसायटी अध्यक्ष मुरली नायक, विजय पटेल, सुजीत दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा एवं कीर्तन मंडली के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे गांव में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकजुटता का वातावरण बना रहा, जो इस आयोजन की विशेष पहचान रही।


