क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत, आवागमन होगा सुगम


बसना, 10 मार्च 2026, मंगलवार।
संवाददाता – बसन्त साहू
क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या अब जल्द ही समाप्त होने जा रही है। भवरचुवा–मधुबन से डोंगरीपाली मार्ग पर लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। इस पुल के बनने से करीब 20 वर्षों से आवागमन में आ रही कठिनाइयों से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।बताया जाता है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर नाला उफान पर आ जाने के कारण भवरचुवा, मधुबन, डोंगरीपाली सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट जाता था। ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को काफी दूरी तय कर दूसरे रास्तों से जाना पड़ता था।क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए अब भवरचुवा–मधुबन से डोंगरीपाली मार्ग पर पुल निर्माण के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। पुल निर्माण कार्य प्रारंभ होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से आवागमन सुगम होगा, कृषि कार्यों में सहूलियत मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों और मरीजों को भी आने-जाने में राहत मिलेगी।स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण की स्वीकृति पर जनप्रतिनिधियों और शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। पुल निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि आसपास के गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।



