
महासमुंद। जिले के थाना पिथौरा और थाना सांकरा क्षेत्र में हाल ही में हुई दो लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने हुए कपड़े भी जब्त किए हैं। यह सफलता तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मिली है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2026 की रात ग्राम टेका स्थित एचपी टेका फ्यूल्स पेट्रोल पंप में प्रार्थी हेमंत साहू (25 वर्ष), निवासी डुमरपाली थाना पिथौरा से तीन अज्ञात युवक पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे और जबरदस्ती करीब 36,500 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का पुराना मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना पिथौरा में 9 मार्च 2026 को अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।इसी तरह थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम लोहरीनहडोंगरी में भी आवेदक सिलेश्वर सहिस से तीन अज्ञात आरोपियों ने 500 रुपये नकद और दो पुराने मोबाइल फोन (कीमत लगभग 18 हजार रुपये) लूट लिए थे। इस संबंध में थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 49/26 के तहत धारा 309(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए महासमुंद पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कराई और अलग-अलग टीमों का गठन किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद मुख्य आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा (19 वर्ष), पिता बलराम यादव, निवासी संजय नगर सरायपाली थाना सरायपाली जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार इस लूटकांड में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।पूरी कार्रवाई में महासमुंद पुलिस के थाना पिथौरा पुलिस की अहम भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका।



