
वार्ड क्रमांक 4 में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न, विकास कार्यों को मिली नई गति

नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल ने कहा – नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए परिषद प्रतिबद्ध

बसना। (बसन्त साहू संवाददाता)
नगर पंचायत बसना के वार्ड क्रमांक 4 में बहुप्रतीक्षित सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डॉ. खुशबू अग्रवाल के करकमलों से विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में क्षेत्र के विकास के लिए नए संकल्प के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, पेयजल, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था जैसे मूलभूत कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सीसी रोड निर्माण से वार्डवासियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष आदरणीय शीत गुप्ता ने कहा कि नगर परिषद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विकास कार्यों के माध्यम से नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद आशीष साहू ने क्षेत्रवासियों की ओर से नगर पंचायत अध्यक्ष एवं परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसके पूर्ण होने से वार्ड के नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।भूमिपूजन कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद राकेश डड़सेना, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद महेंद्र सिंह अरोरा, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद मुजम्मिल कादरी, वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद संगीता नायक, भाजपा मीडिया प्रभारी सुखदेव दास वैष्णव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमोदिनी टांडी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का संकल्प व्यक्त किया। वार्डवासियों ने भी सीसी रोड निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पंचायत परिषद का आभार जताया। भूमिपूजन के साथ ही क्षेत्र में विकास की एक नई शुरुआत का संदेश देखने को मिला।


