
श्रीवास्तव परिवार के धार्मिक आयोजन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए विधायक ने की मंगलकामना


बसना।
बसना के अरेकेल चौक पर इन दिनों भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्रीवास्तव परिवार द्वारा आयोजित भव्य अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया है। संकीर्तन स्थल पर गूंजते “हरे राम हरे कृष्ण” महामंत्र ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस पावन आयोजन में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।कार्यक्रम में पहुंचकर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सर्वप्रथम भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के विग्रहों के समक्ष नतमस्तक होकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया तथा भक्तों के साथ पूरी श्रद्धा और तन्मयता से महामंत्र जाप में सहभागी बने।इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा नजर आया। संकीर्तन मंडली द्वारा गाए जा रहे— “हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे,हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे”महामंत्र की ध्वनि से अरेकेल चौक मानो गोकुल धाम और अयोध्या नगरी में परिवर्तित हो उठा।श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संचार करने का दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कलयुग में मनुष्य भौतिकता की दौड़ में मानसिक शांति खोता जा रहा है, ऐसे में हरिनाम संकीर्तन जैसे आयोजन समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।उन्होंने शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा—
“हरेर्नाम हरेर्नाम हरेर्नामैव केवलम्।
कलौ नास्त्येव नास्त्येव नास्त्येव गतिरन्यथा।।“

डॉ. अग्रवाल ने इसका भावार्थ समझाते हुए कहा कि कलयुग में भगवान के नाम का स्मरण ही जीव के उद्धार का सबसे श्रेष्ठ और सरल मार्ग है। सामूहिक संकीर्तन से उत्पन्न सकारात्मक ऊर्जा समाज से द्वेष एवं नकारात्मकता को समाप्त कर भाईचारे और प्रेम का संदेश देती है।विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इस भव्य आयोजन के लिए श्रीवास्तव परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस धार्मिक प्रयास ने पूरे बसना क्षेत्र को पुण्यमयी बना दिया है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए परिवारजनों एवं भक्तों को शुभकामनाएं भी दीं।इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, सभापति प्रकाश सिन्हा, रघुवीर प्रसाद श्रीवास्तव, अणिमा श्रीवास्तव, ऊषा श्रीवास्तव पिथौरा, सोनू श्रीवास्तव, समस्त श्रीवास्तव परिवार बसना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।



