
सबहेडलाइन:“शिक्षा ही उन्नति का एकमात्र मार्ग” — युवा पीढ़ी से बाबा साहेब के आदर्श अपनाने की अपील


बसना।
बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खुसरूपाली में भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक महान विचारधारा हैं। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिलाया। आज का लोकतांत्रिक भारत उनके द्वारा निर्मित संविधान और उनके आदर्शों पर आधारित है।उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का जो मूलमंत्र दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। शिक्षा ही व्यक्ति को सशक्त बनाती है और समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। सरकार भी “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के संकल्प के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि युवाओं को बाबा साहेब के संघर्षों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ही गरीबी, अज्ञानता और सामाजिक कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव, जनपद सदस्य मधु प्रेम खूंटे, सरपंच मेघमोती सिदार, विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा, महामंत्री सरोज पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया।कार्यक्रम के अंत में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए समाज में समरसता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।


