
पिरदा।

भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक मजबूती और संगठनात्मक सशक्तिकरण के उद्देश्य से पिरदा स्थित समरसता भवन में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ अंतर्गत मंडल प्रशिक्षण वर्ग का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा संगठन के ध्वजारोहण के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।अपने संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के बौद्धिक और वैचारिक विकास की महत्वपूर्ण पाठशाला है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही वह माध्यम है, जो एक सामान्य कार्यकर्ता को कुशल नेतृत्वकर्ता में परिवर्तित करता है।उन्होंने भाजपा की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी का मूल मंत्र ‘अंत्योदय’ है, जिसका अर्थ है समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लें।डॉ. अग्रवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा कि यह विचारधारा मनुष्य के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक परिवेश में भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संस्कारों के बल पर समाज में एक अलग पहचान बना रहा है।


कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद पटेल, जिला महामंत्री जितेन्द्र त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी नवीन साव, गढ़फुलझर मंडल के पूर्व अध्यक्ष माधव साव, पिरदा मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान, सोहन पटेल, हेमलाल सिदार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सेक्टर प्रभारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण वर्ग में सहभागिता निभाई।




