
ग्राम उड़ेला: भागवत कथा में मंगलसूत्र झपटने वाली महिला गिरफ्तार, भीड़ का फायदा उठाकर कर रही थी स्नैचिंग

उड़ेला (बसना)। भंवरपुर चौकी पुलिस ने ग्राम उड़ेला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने वाली एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 की शाम लगभग 7 बजे ग्राम उड़ेला में श्रीमद् भागवत कथा एवं मेले का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम के समापन के बाद प्रार्थिया अपने परिवार के साथ भोजन के लिए लाइन में खड़ी थी। इसी दौरान पीछे खड़ी एक अज्ञात महिला ने उसके गले से मराठी स्टाइल का काला मोती जड़ित सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और भीड़ में निकलने का प्रयास करने लगी।प्रार्थिया की सजगता और शोर मचाने पर आसपास मौजूद महिलाओं तथा मौके पर तैनात पुलिस बल ने तत्काल घेराबंदी कर संदेही महिला को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद हो गया।पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना बसना (चौकी भंवरपुर) में अपराध क्रमांक 114/26 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान सोना गरुडी (30 वर्ष), पति किशन धनदेई, निवासी रेडा, थाना व जिला सारंगढ़ के रूप में हुई है।
80 हजार रुपये का मंगलसूत्र
जब्तपुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मेले, कथा और अन्य भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में भारी सोने-चांदी के आभूषण पहनकर जाने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



