छत्तीसगढ़ जनपर्ध न्यूज

प्रधान संपादक
दिनांक 09.01.2026 को थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर ग्राम तरेंगा में अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले आरोपी अमर यदू को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में पुलिस द्वारा विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी से ₹4600 मूल्य का 40 पाव देसी मसाला शराब जप्त किया गया तथा आरोपी के विरुद्ध थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्र. 25/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की जांच एवं विवेचना क्रम में यह आवश्यक था कि गिरफ्तार आरोपी को ग्राम तरेंगा में बिक्री करने के लिए तस्करी कर, अवैध रूप से शराब आखिर कौन उपलब्ध करा रहा है। सांथ ही भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बिक्री पर नकल कसने के लिए इस सप्लाई चैन का पता लगाकर पर्दाफाश करना भी अत्यंत आवश्यक था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बिक्री/तस्करी करने वाले सप्लाई चैन एवं इस संगठित गिरोह का पता लगाते हुए इसके सभी सदस्यों को गिरफ्तार करने हेतु श्री हेमसागर सिदार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाटापारा, श्री तारेश साहू एसडीओपी भाटापारा एवं निरीक्षक हेमंत पटेल थाना प्रभारी भाटापारा ग्रामीण को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। उक्त निर्देशों के परिपालन में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार आरोपी अमर यदू से पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों का पता तलाश प्रारंभ किया गया। गिरफ्तार आरोपी अमर यदू से पूछताछ पर पता चला कि वह अपने गांव में लुका छुपी में शराब का विक्रय करता है तथा पटपर भाटापारा में चाय की दुकान चलाने वाले नितेश रात्रे द्वारा उसे शराब उपलब्ध कराया गया है, जिस पर पुलिस द्वारा तत्काल नितेश रात्रे को हिरासत में लिया गया। तत्पश्चात दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बिक्री एवं तस्करी करने का संगठित गिरोह चलाने वाले बाकी अन्य 05 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। प्रकरणों में सभी आरोपियों द्वारा अवैध रूप से लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से संगठित गिरोह बनाकर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बिक्री एवं तस्करी करना स्वीकार किया गया। संपूर्ण प्रकरण में पुलिस टीम को भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत अवैध रूप से शराब तस्करी एवं बिक्री करने वाले 07 सदस्यीय संगठित गिरोह का सफलता पूर्वक पर्दाफाश करने में सफलता मिली है। कि प्रकरण में सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
आरोपियों के नाम
1. अमर यदू उम्र 29 साल निवासी गोगिया पारा, ग्राम तरेंगा थाना भाटापारा ग्रामीण
2. नितेश रात्रे उम्र 22 साल निवासी ग्राम गुर्रा थाना भाटापारा ग्रामीण
3. दुर्गेश गुजरतिया उम्र 21 साल निवासी नगर पालिका के पीछे शक्ति वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर
4. हरिचंद देवांगन उम्र 38 साल निवासी वार्ड नंबर 4 ग्राम तरेंगा थाना भाटापारा ग्रामीण
5. रवि कुमार निषाद उम्र 35 साल निवासी ग्राम तरेंगा थाना भाटापारा ग्रामीण
6. अजय मारकंडेय उम्र 30 साल निवासी भगत सिंह वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर
7. गोपी गेण्डरे उम्र 29 साल निवासी महासती वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर


