
मंदिरों में पूजा-अर्चना, मरीजों की सेवा, 51 युवाओं का रक्तदान और हरिनाम संकीर्तन बना आकर्षण


बसना।
बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल का जन्मदिन इस वर्ष भक्ति, सेवा, सामाजिक सरोकार और जनसमर्पण के अनूठे संगम के रूप में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर पूरे विधानसभा क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

जगह-जगह कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने केक काटकर, पुष्प मालाओं से स्वागत कर एवं आतिशबाजी कर अपने लोकप्रिय विधायक के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।जन्मदिन की शुरुआत आध्यात्मिक वातावरण में हुई। विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने गढ़फुलझर स्थित श्री रामचंदी मंदिर सहित क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों एवं मां समलेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं समर्थकों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। विधायक ने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और क्षेत्र की सेवा ही उनके जीवन का उद्देश्य है।इसके पश्चात विधायक ने मानव सेवा को प्राथमिकता देते हुए अवर लेडी हॉस्पिटल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचकर मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को फल वितरण कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की शुभकामनाएं दीं। अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों ने विधायक के इस आत्मीय व्यवहार की सराहना की। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

जन्मदिन समारोह का सबसे प्रेरणादायी पहलू रक्तदान शिविर रहा। विधायक के सुपुत्र एवं भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जिला महासमुंद के संयोजक सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में 51 युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। युवाओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक ने सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है, जिससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है।

वहीं बसना के मंगल भवन में आयोजित 24 घंटे के अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन एवं विशाल भंडारे में विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया तथा संकीर्तन में सहभागिता कर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की। भक्ति संगीत एवं हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।पूरे दिन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगरों में स्वागत कार्यक्रमों की श्रृंखला चलती रही। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह केक काटकर विधायक का जन्मदिन मनाया तथा फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। कई स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने वाले सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने क्षेत्र के विकास, गरीबों की सेवा और समाजहित के कार्यों को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखने का संकल्प दोहराया।


