
बसना में बाबा साहेब की प्रतिमा अनावरण को लेकर बनी सर्वसम्मति, 3 साल की देरी पर फूटा रोषमुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का प्रस्ताव पारित

बसना, 28 अप्रैल 2026।
संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अनावरण को लेकर नगर पंचायत बसना के सभागार में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल, नगर उपाध्यक्ष सीत गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), सभी वार्ड पार्षद, पत्रकारगण, सर्व समाज के प्रमुख एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य बसना बाईपास चौक पर स्थापित डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के लंबे समय से लंबित अनावरण को लेकर सर्वसम्मति बनाना तथा कार्यक्रम की रूपरेखा तय करना था।
तीन वर्षों की देरी पर जताई नाराजगी

बैठक में सर्व समाज प्रमुखों ने एक स्वर में कहा कि लगभग 3 वर्षों से प्रतिमा स्थापित होने के बावजूद उसका अनावरण नहीं होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे समाज की भावनाएं लगातार आहत हो रही हैं। उपस्थित लोगों ने प्रशासनिक देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि संविधान, समानता और सामाजिक न्याय के प्रतीक का सम्मान है।समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि अब और विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा शीघ्र से शीघ्र प्रतिमा का विधिवत अनावरण कराया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने का सर्वसम्मत निर्णय
गहन चर्चा के बाद सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस ऐतिहासिक अवसर को गरिमामय और यादगार बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाए।सभी ने माना कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से यह आयोजन और अधिक भव्य एवं सम्मानजनक बनेगा तथा पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय होगा।
नगर अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल ने व्यक्त किया खेद

नगर अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की नाराजगी पूरी तरह स्वाभाविक है। प्रशासनिक स्तर पर हुई देरी के लिए उन्होंने खेद व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर केवल एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी प्रतिमा का अनावरण बसना नगर के लिए गौरवपूर्ण क्षण होगा।उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का सानिध्य मिलना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात होगी। आज ही आमंत्रण पत्र का प्रारूप तैयार कर CMO के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा तथा एक प्रतिनिधिमंडल जल्द रायपुर जाकर मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित करेगा।
CMO ने दी विकास कार्यों की जानकारी

मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।इस राशि से प्रतिमा स्थल पर चबूतरा निर्माण, विद्युतीकरण, गार्डन विकास, सौंदर्यीकरण तथा अन्य आवश्यक कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिए जाएंगे ताकि अनावरण समारोह भव्य रूप से संपन्न हो सके।
सामाजिक सौहार्द और सम्मान का प्रतीक बनेगा आयोजन
बैठक में उपस्थित सभी समाज प्रमुखों ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतिमा अनावरण नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सम्मान और संविधान के मूल्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा।सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि कार्यक्रम को सफल, भव्य और ऐतिहासिक बनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इससे प्रेरणा ले सकें।



