
बसना/महासमुंद।

ग्राम सिरको में इन दिनों लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता और भय दोनों बढ़ा दिए हैं। हाल ही में घर के सामने खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG06GB 6098) की चोरी के मामले ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।ग्रामीणों के अनुसार, दो-तीन दिन पहले ही गांव में चार बदमाश युवकों द्वारा एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई जा चुकी है। वहीं, खेतों में कृषि कार्य के लिए लगाए गए बोर (पंप) के केवल और तार भी लगातार चोरी हो रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरपंच और उप सरपंच द्वारा ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई, जिसमें गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर रोक लगाने को लेकर चर्चा की गई। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों का भरोसा कमजोर पड़ रहा है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम शराब और गांजा का सेवन कर रहे हैं तथा बेवजह मोटरसाइकिल से इधर-उधर घूमते रहते हैं। इसके साथ ही गांव में अवैध रूप से शराब बनाना और बेचना भी तेजी से बढ़ रहा है, जो ग्रामीणों की मानसिकता को बिगाड़ने का काम कर रहा है और युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है।इन गतिविधियों के चलते विशेष रूप से महिलाओं में डर का माहौल है और वे घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जो भी व्यक्ति इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे भी भय का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए और सख्त सजा दिलाई जाए। साथ ही, गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंचायत फंड से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव भी दिया गया है, ताकि ऐसे अपराधों पर निगरानी रखी जा सके और भविष्य में इन पर अंकुश लगाया जा सके।



