
बसना।

नगर के विश्वनाथ शिव मंदिर प्रांगण में अंकुर साहित्य मंच के तत्वावधान में एक भव्य एवं गरिमामयी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर क्षेत्र के साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे पूरा परिसर साहित्यिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम में आमंत्रित कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। जांजगीर से पधारे कौशल महंत ‘कौशल’, भाटापारा की अन्नपूर्णा पवार ‘आहुति’, कोरबा की संतोषी ‘श्रद्धा’ एवं सिमगा-रायपुर के कृष्णा भारती ने मंच से देशभक्ति, हास्य-व्यंग्य, सामाजिक सरोकारों तथा समसामयिक विषयों पर अपनी सशक्त रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों की ओजपूर्ण व भावनात्मक अभिव्यक्तियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज से वातावरण गूंजायमान रहा।कवि सम्मेलन केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं रहा, बल्कि इसने समाज में साहित्य के प्रति जागरूकता और नई ऊर्जा का संचार भी किया। कार्यक्रम ने युवा पीढ़ी को साहित्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा भाषा और संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन कैलाश बेहरा द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी शैली से कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा। आयोजन की सफलता में बद्री प्रसाद पुरोहित, पुरूषोत्तम दीवान ‘छत्तीसगढ़िया’, प्रेमचंद साव एवं देवेंद्र नारायण दास का विशेष योगदान रहा।अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन बसना नगर में साहित्यिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।



