
रायपुर/बसना। छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता, एकता और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में सर्व अनुसूचित जाति-जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के संयुक्त संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें 14 अप्रैल को महासमुंद जिले के बसना में आयोजित होने वाले “फुले-नकुल-अम्बेडकर जयंती मेला महोत्सव” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण सौंपा।प्रतिनिधिमंडल के आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान की और आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। यह आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि बसना की पावन धरा पर आयोजित होने वाला फुले-नकुल-अम्बेडकर जयंती मेला महोत्सव सर्व समाज की एकता और समरसता का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले, संत नकुल दास और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को शिक्षा, समानता और अधिकारों की जो राह दिखाई, उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है।विधायक अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन से यह आयोजन और अधिक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी बनेगा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से युवा पीढ़ी को महापुरुषों के संघर्ष, उनके आदर्शों और समाज निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान सर्व समाज के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा संयुक्त संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।



