
बसना।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बसना शाखा द्वारा तंबाकू एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। इस दौरान लोगों को तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों एवं गंभीर बीमारियों की जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम के अंतर्गत बस स्टैंड क्षेत्र में भी जनजागरण अभियान चलाया गया, जहां उपस्थित लोगों को तंबाकू एवं नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही तंबाकू उत्पादों से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर डॉ. राजीव पटेल ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि तंबाकू और शराब से होने वाले नुकसान से सभी परिचित हैं, लेकिन इन्हें छोड़ने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मबल की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति अस्पताल में निःशुल्क परामर्श एवं दवा प्राप्त कर सकते हैं तथा योग और मेडिटेशन के माध्यम से भी इस आदत पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

वहीं ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने कहा कि आज के दौर में तकनीकी साधनों का दुरुपयोग भी एक प्रकार की लत बनता जा रहा है। इसलिए हमें तकनीक का सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य को भोजन की आवश्यकता है, तंबाकू की नहीं। तंबाकू की लत से मुक्ति पाने के लिए राजयोग आधारित जीवनशैली, सकारात्मक सोच और अच्छी आदतों को अपनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को धूम्रपान एवं नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया। ब्रह्माकुमारीज परिवार ने समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए ऐसे जनजागरण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।


