
। बसना। (बसन्त साहू की रिपोर्ट)

नगर पंचायत बसना द्वारा शुक्रवार 22 मई को मंगल भवन में सुशासन तिहार समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी थीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल ने की। अपने संबोधन में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रदेश के मुखिया द्वारा महतारी वंदन योजना के माध्यम से माताओं-बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये भेजे जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा सुशासन तिहार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।इस अवसर पर नगर पंचायत बसना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूरज सिदार ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि सुशासन तिहार के अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डों को 8 सेक्टरों में विभाजित कर एक सप्ताह पूर्व से विशेष अभियान चलाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा प्रत्येक सेक्टर में पहुंचकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निराकरण भी किया गया।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर स्तर पर आयोजित शिविरों में कुल 850 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 50 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं शुक्रवार को आयोजित समाधान शिविर में लगभग 400 नए आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार अब तक कुल 1200 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 70 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष 1130 आवेदनों की प्रक्रिया जारी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर पंचायत की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का समाधान करना है तथा सभी लंबित आवेदनों के निराकरण तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम में भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक सुमित अग्रवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।





