
कल विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का जन्मदिवस, आज शनिवार से भक्ति और संकीर्तन के साथ हुआ दो दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ


बसना।
बसना क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस 10 मई के पावन अवसर पर बसना नगर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है। विधायक जी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार से भाजपा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में दो दिवसीय अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ।

क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगल कामना को लेकर आयोजित इस महायज्ञ के प्रथम दिवस पर नीलांचल भवन से विशाल कलश यात्रा निकाली गई। “जय श्रीराम” और “हरे कृष्णा” के गगनभेदी जयघोष के साथ निकली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंगल भवन पहुँची, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कर अखंड हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ हुआ। पूरे नगर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ पूजा-अर्चना कर किया। वहीं इस पावन अनुष्ठान के मुख्य यजमान के रूप में भाजपा प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी सोनिया अग्रवाल सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महायज्ञ की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि भक्ति और संकीर्तन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। जनसेवा के साथ ईश्वर की आराधना समाज को नई दिशा और शक्ति प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण के लिए समर्पित है।भाजपा प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को जन्मदिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विधायक जी का जीवन सदैव जनसेवा, धर्म और समाजहित को समर्पित रहा है। उनके जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार से प्रारंभ हुआ यह अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ पूरे बसना क्षेत्र के लिए शुभ और कल्याणकारी सिद्ध होगा।उन्होंने कहा कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत यदि भगवान के नाम और भक्ति के साथ हो तो वह समाज में सकारात्मकता, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता है। विधायक जी के व्यक्तित्व में सेवा और संस्कार का जो अद्भुत समन्वय दिखाई देता है, यह आयोजन उसी भावना का प्रतीक है।

सुमित अग्रवाल ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय इस महायज्ञ में सात आमंत्रित मंडलियों द्वारा हरिनाम संकीर्तन, भजन एवं नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा बसना क्षेत्र कृष्णमय वातावरण में सराबोर रहेगा।कार्यक्रम का समापन रविवार 10 मई को विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस पर महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।इस आध्यात्मिक आयोजन में विधायक परिवार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा बसना नगर भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता के रंग में रंगा नजर आया।





