
बसना।

जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क एवं पुलिया की जर्जर स्थिति अब ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। इस मुद्दे को लेकर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करते हुए बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल तथा कलेक्टर महासमुंद को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में क्षेत्र में आयोजित एक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सभापति प्रकाश सिन्हा की नजर उक्त मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मौके पर रुककर सड़क और पुलिया का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर समस्या की गंभीरता को समझा। इस दौरान ग्राम सरपंच मिश्रा दीप, मुरली नायक, महेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली के बीच स्थित पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण आवागमन बेहद जोखिमभरा हो गया है। विशेषकर रात्रि के समय दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है और कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं। वर्तमान में ग्रामीण पुलिया के आसपास पत्थर रखकर वैकल्पिक व्यवस्था से जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। वहीं सड़क भी जगह-जगह से उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।यह मार्ग बसना–पदमपुर मुख्य सड़क से ग्राम अंकोरी से लगभग चार किलोमीटर दूरी पर स्थित एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क एवं पुलिया का मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो दोनों गांवों का संपर्क पूरी तरह बाधित होने की स्थिति निर्मित हो सकती है।निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों की जांच की मांगसभापति प्रकाश सिन्हा ने सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।

उन्होंने बताया कि मार्ग पर लगा सूचना बोर्ड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे निर्माण कार्य से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं बसना विधायक जनहित को ध्यान में रखते हुए त्वरित संज्ञान लेकर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करेंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।






