
संवाद से समाधान की पहल, 931 आवेदनों में 149 का मौके पर निराकरण


पिथौरा/बसना।बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड पिथौरा के ग्राम रेमड़ा स्थित हाई स्कूल परिसर में ‘सुशासन तिहार 2026: जन समस्या निवारण शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। “संवाद से समाधान” की भावना के साथ आयोजित इस शिविर में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है—योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना।

उन्होंने कहा कि अब आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंच रहा है।शिविर के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की कागजी जटिलताओं के कारण योजनाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।इस अवसर पर विधायक द्वारा महिलाओं को सुपोषित आहार किट का वितरण भी किया गया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए माताओं और बच्चों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है।समापन सत्र में विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करना ही सुशासन की पहचान है।मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से सीधे जनता से संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। आने वाले समय में ऐसे शिविर अन्य क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाएंगे।शिविर में कुल 931 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 149 का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि 472 आवेदन संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए सौंपे गए।इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक ओम प्रकाश चौधरी, सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, जिला पंचायत सभापति जगमोती भोई एवं रामदुलारी सिन्हा, जनपद पंचायत सभापति पुरुषोत्तम धृतलहरे, पूर्व जनपद पंचायत सभापति सोहन पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




