
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आध्यात्मिक उत्साह के बीच यात्रा प्रारंभ, जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने दी शुभकामनाएँ


, बसना क्षेत्र में आज आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत 29 श्रद्धालु पावन अयोध्या धाम के दर्शन हेतु रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति, उमंग और श्रद्धा की झलक साफ दिखाई दे रही थी।इस अवसर पर बसना भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री नरेन्द्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की जनहितकारी पहल के चलते प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। यह योजना न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करती है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार भी करती है।उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के दर्शन कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द के लिए आशीर्वाद प्राप्त करें।कार्यक्रम में जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री पियूष ठाकुर, महामंत्री सरोज पटेल, दीपक शर्मा, मंडल कोषाध्यक्ष अमृत चौधरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मिलाब निराला, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष राजू साई, युवा मोर्चा महामंत्री नवीन भट्ट, सांसद प्रतिनिधि लोकनाथ डडसेना सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।सभी अतिथियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनकी यात्रा को सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की कामना की। इस दौरान ग्रामवासियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का मनमोहक वातावरण बना रहा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा को सशक्त करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।



