
खेमड़ा तालाब बांध पर हुआ ‘प्लांटेशन ड्राइव 2026’ का शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बसना, 13 जून 2026।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से मॉडर्न पब्लिक स्कूल, बसना द्वारा “प्लांटेशन ड्राइव 2026” का शुभारंभ किया गया। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों की अनुपस्थिति के बावजूद विद्यालय परिवार ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए खेमड़ा तालाब के बांध पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान का मुख्य संदेश “एक आदमी एक वृक्ष – सुनहरा हो भविष्य” तथा “Each One, Plant One” रखा गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी बसना श्री वैजनाथ बारिक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में परिसर रक्षी श्री कुंदन पटेल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय द्वारा संचालित इस पर्यावरणीय पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश दिया।विद्यालय के प्राचार्य श्री सुमन्त कुमार आचार्य ने कहा कि बढ़ती गर्मी, वनाग्नि और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।शैक्षणिक समन्वयक श्री चिन्मय पाणीग्राही ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी लोगों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन विद्यालय के चेयरमैन श्री कमलधर पटेल, जॉइंट डायरेक्टर श्री विनय कुमार पटेल एवं डायरेक्टर श्री मनोज कुमार पटेल का निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं सहयोग अभियान की सफलता का आधार रहा।कार्यक्रम को सफल बनाने में यशवंत, नवीन एवं अमित का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग एवं समर्पण से वृक्षारोपण कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।विद्यालय द्वारा इस विशेष अभियान के अंतर्गत 1000 वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपने घर या आसपास कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी फोटो विद्यालय के व्हाट्सएप नंबर 8962462096 पर भेजने तथा एक वर्ष बाद उसी पौधे की वृद्धि की तस्वीर साझा करने का अनुरोध किया गया है।विद्यालय परिवार ने “एक पेड़ माँ के नाम” संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।”पेड़ लगाएँ, पर्यावरण बचाएँ — आइए मिलकर हरित, स्वस्थ और सुंदर भविष्य का निर्माण करें।”



